Lucknow News : मानसून के दौरान एक्शन में सीएमओ, औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

UPT | सीएमओ ने निरीक्षण किया।

Jul 16, 2024 00:57

लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज अग्रवाल ने सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिम्मेदारों को बेहतर व्यवस्थाएं देने और संचारी रोगों से बचाव और जागरूकता को लेकर भी निर्देश दिए।

Lucknow News : मानसून के बाद से ही राजधानी वासियों को जहां हीट वेव से निजात मिली है तो वहीं संचारी रोग का भी खतरा बढ़ गया है। लखनऊ में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज अग्रवाल औचक निरीक्षण पर निकले। सीएमओ के औचक निरीक्षण से लखनऊ के अस्पतालों में हड़कंप मच गया और जिम्मेदार व्यवस्थाओं को बेहतर करने में जुट गए। 

बाढ़ चौकी पर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया हाल 
अपने निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल ने बक्शी का तालाब ब्लाक के हरदा गांव स्थित बाढ़ चौकी पर दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। साथ ही बहादुरपुर क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने बीकेटी सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी सिंह को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएं। समुदाय को मच्छरों से बचाव और साफ सफाई की स्वास्थ्य शिक्षा दें।

अधिकारियों को दिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश
इसके साथ ही डॉक्टर मनोज अग्रवाल ने इटौंजा क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर में संचारी अभियान की हकीकत जानी। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि लोगों को मच्छरों से बचाव के तरीके आएं, मच्छर जनित परिस्थितियां नहीं उत्पन्न करने के लिए प्रेरित करें। स्टॉप डायरिया अभियान चल रहा है। जिन घरों में पांच साल से कम आयु के बच्चे हैं उन घरों में ओआरएस के पैकेट्स एवं जिंक की गोलिया उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सीएमओ ने कहा कि लोगों को ओआरएस बनाने की सही विधि को खुद करके दिखाएं। हाथ धोने के महत्व के बारे में भी बतायें कि कब-कब हाथ धोना जरूरी है। उन्होंने लोगों से खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करने और संचारी अभियान में सहयोग करने की भी अपील की।

Also Read