यूपी ने इन्स्पायर अवार्ड योजना में रचा कीर्तिमान : दो लाख से अधिक नामांकन के साथ देश में रहा अव्वल

UPT | इन्स्पायर अवार्ड योजना।

Oct 16, 2024 21:40

उत्तर प्रदेश ने इन्स्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत देश में सर्वाधिक 2 लाख 10 हजार 347 नामांकन कर पहला स्थान प्राप्त किया है।

Lucknow News : सरकार के निर्देशन में शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। उत्तर प्रदेश ने इन्स्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत देश में सर्वाधिक 2 लाख 10 हजार 347 नामांकन कर पहला स्थान प्राप्त किया है। यह संख्या योजना की शुरुआत से अब तक की सबसे अधिक नामांकन संख्या है।

पिछले साल की तुलना में अधिक नामांकन  
उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्ष इस योजना के तहत 50,329 नामांकन किए थे, जो इस वर्ष 1 लाख 60 हजार 18 की रिकॉर्ड वृद्धि के साथ 2 लाख 10 हजार 347 तक पहुंच गए हैं। यह वृद्धि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की नवाचार क्षमता को साबित करती है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य कक्षा 6 से 10 के छात्रों में नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष का ऑनलाइन नामांकन 1 जुलाई से 15 अक्टूबर 2024 तक चलाया गया था।

प्रदेश के सभी जिलों में बढ़े नामांकन
इस वर्ष उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों ने पिछले वर्ष की तुलना में अधिक नामांकन किए हैं। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों के अलावा बेसिक शिक्षा परिषद के जूनियर हाई स्कूलों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, कम्पोजिट और संस्कृत विद्यालयों के छात्रों ने भी इस योजना में भाग लिया।



यूपी के 12 जिलों की भागीदारी
देश में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले 50 जिलों में उत्तर प्रदेश के 12 जनपद प्रमुख हैं। इनमें लखनऊ 6,086, प्रयागराज 5,555, हरदोई 4,811, आजमगढ़ 4,728, कानपुर देहात 4,726 , बरेली 4,690, आगरा 4,684, बुलंदशहर 4,617, लखीमपुर खीरी 4,439, अलीगढ़ 4,424 , बाराबंकी  4,098 और बिजनौर 4,057 शामिल हैं।

अब तक नामांकन के आंकड़े-
            सत्र           नामांकन संख्या
  • 2019-20          33,134
  • 2020-21          25,166
  • 2021-22          27,108
  • 2022-23          31,932
  • 2023-24          50,329
  • 2024-25          2,10,347
इस राज्यों को छोड़ा पीछे  
उत्तर प्रदेश ने राजस्थान (1,55,415 नामांकन) और कर्नाटक (1,05,613 नामांकन) को क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर पीछे छोड़ दिया है। यूपी ने राजस्थान से 54,932 और कर्नाटक से 1,04,734 अधिक नामांकन प्राप्त किए हैं। नागालैंड, जो पिछले वर्ष से केवल 14 अधिक नामांकन के साथ अंतिम पायदान पर है, अब इस बार सबसे कम स्थान पर रहा।

यूपी के छात्रों की नवाचार क्षमता बढ़ी  
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता बेसिक शिक्षा से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा यह उत्तर प्रदेश के छात्रों की नवाचार क्षमता और रचनात्मकता को दर्शाता है, जो देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Also Read