नतीजों के बाद अखिलेश ने भाजपा को घेरा : बोले- 'यूपी ने सरकार के खिलाफ जनादेश दिया, जनता ने सबक सिखाया'

UPT | अखिलेश ने बीजेपी को घेरा

Jun 06, 2024 21:08

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों से जाहिर है कि भाजपा के अहंकार का पतन हुआ है और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश आया है...

Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजें आते ही उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चाओं का तूफान आ गया। यूपी में भाजपा को तगड़ा झटका लगा। वहीं इस चुनाव में समाजवादी पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहा। यूपी में सपा ने अकेले 37 सीटों पर जीत का परचम लहराया है। वहीं यूपी में भाजपा 33 सीटों पर सिमट कर रह गई।

'भाजपा के अहंकार का पतन हुआ'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों से जाहिर है कि भाजपा के अहंकार का पतन हुआ है और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश आया है। प्रदेश मंत्रिमण्डल के 16 मंत्री लोकसभा चुनाव में अपनी विधानसभा हार गए हैं। केन्द्र में जो भाजपा 400 पार का नारा दे रही थी, वह पूर्ण बहुमत में पाने से ही वंचित रह गई।

'जनता ने भाजपा की आशाओं पर पानी फेरा'
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में जनता ने भाजपा की आशाओं पर पानी फेर दिया। वहां की जनता दुःखदर्द से कराहती रही। भाजपा सरकार ने गरीबों को उजाड़ दिया। उजड़े किसानों को पर्याप्त मुआवजा भी नहीं दिया गया। अपनी जमीन से उजड़े लोगों के पुनर्वास पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजें में जनता ने सबक सिखा दिया।

'भाजपा सरकार में नौजवानों की खराब'
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर लगाम नहीं लग रही है। किसान, नौजवान, व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ता सहित समाज का हर वर्ग परेशान है। नौजवानों की एक तिहाई जिंदगी बेकार हो गई है। उनका भविष्य अंधेरे में है। अग्निवीर योजना तुरन्त खत्म होनी चाहिए। जो जवान फौज में जाना चाहते हैं और उनकी उम्र समाप्त हो गई उन्हें फिर मौका मिलना चाहिए।

'इंडिया गठबंधन जनसेवा के संकल्प पर दृढ़ रहेगा'
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन का जहां तक सवाल है वह अब जनआकांक्षाओं का प्रतीक बन चुकी है। वह जनसेवा के अपने संकल्प पर दृढ़ रहेगा और संविधान बचाने तथा महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के कष्ट और संकट से जनता को मुक्त कराने के अपने प्रयासों को निरन्तर जारी रखेगा।

'राजनीति में संभावनाएं कभी खत्म नहीं होती'
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन पीडीए का राष्ट्रव्यापी विस्तार करने और पीडीए के लिए लगातार संघर्ष करते रहने के लिए चचनबद्ध है। इंडिया गठबंधन किसान, मजदूर, युवा महिला व्यापारी, कारोबारी, नौकरीपेशा और सरकारी कर्मचारियों के मुद्दों को आधार बनाकर उनकी आवाज बनने का काम करता रहेगा। राजनीति में संभावनाएं कभी खत्म नहीं होती है।

Also Read