बृजभूषण शरण सिंह का बयान आया सामने : आरोप तय होने के बाद सांसद ने कहा- 'न्यायपालिका के फैसले का स्वागत, सामना किया जाएगा'

UPT | बृजभूषण शरण सिंह

May 10, 2024 21:58

सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एक मामले को छोड़कर कोर्ट ने बाकी मामले में चार्ज फ्रेम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं।

Short Highlights
  • कोर्ट ने सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर कई धाराओं में आरोप तय किए हैं।
  • कोर्ट के इस फैसले के बाद पहलवान साक्षी मालिक ने भी अपनी बात रखी।
National News : शुक्रवार को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को तगड़ा झटका दिया। कोर्ट ने बृजभूषण के खिलाफ आरोप तय कर दिया। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। जिसके बाद आज कोर्ट ने इस मामले में आरोप तय किए। कोर्ट के इस फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि इस प्रकरण का सामना किया जाएगा।

न्यायपालिका के फैसले का स्वागत - सांसद
मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टिया आज कोर्ट ने चार्ज फ्रेम किया है। चार्जशीट पहले लगी थी, जिसका मैंने विरोध किया था। जिसे कोर्ट ने नहीं माना। आगे उन्होंने कहा कि एक मामले को छोड़कर कोर्ट ने बाकी मामले में चार्ज फ्रेम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं। आगे उन्होंने जोड़ा कि अब मेरे लिए रास्ते खुल गए हैं, क्योंकि जब आप चार्ज पर अपनी बात रखते हैं तो कोई गवाह, कोई साक्ष्य आप अलग से नहीं रख सकते हैं। पुलिस ने जो चार्ज लगाया है उसी के आस-पास आपको रहना होता है। फैसले का स्वागत करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि न्यायपालिका के फैसले का स्वागत है। विकल्प खुले हैं, इस प्रकरण का सामना किया जाएगा।
 
कोर्ट के इस फैसले के बाद पहलवान साक्षी मालिक ने भी अपनी बात रखी। साक्षी ने कहा कि यह हमारे लंबे संघर्ष की ओर एक कदम है। यह लड़ाई हमारे लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए थी। मैं अदालत के फैसले का स्वागत करती हूं। कोर्ट ने सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर कई धाराओं में आरोप तय किए हैं। जिसमें धारा 354 और 354ए के तहत आरोप तय किए गए। इस बात की चर्चा की जा रही है कि भारतीय जनता पार्टी को इस बात का आभास था कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कोर्ट का फैसला आ सकता है। इसलिए पार्टी ने उनका टिकट इस चुनाव में काट दिया।

Also Read