लोकसभा चुनाव 2024 : राज्यसभा के महारथी लड़ेंगे लोकसभा का रण, शनिवार को जारी होगी हाईप्रोफाइल उम्मीदवारों की लिस्ट

UPT | लोकसभा चुनाव 2024

Mar 02, 2024 17:15

एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता अपने टिकट की घोषणा का इंतज़ार कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ दिल्ली से सांसद गौतम गम्भीर ने पॉलिटिक्स छोड़ने का ऐलान कर दिया है। गौतम गंभीर ने शनिवार की सुबह...

Short Highlights
  • मोदी मंत्रिमंडल में शामिल राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा टिकट दिया जाएगा।
  • राज्यसभा के जो सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ेंगे उनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम सबसे बड़ा है।
New Delhi : लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अब चंद दिन बाक़ी हैं। पिछले तीन दिनों से भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मंथन कर रहा है। अब ऐलान का वक़्त आ गया है। भारतीय जनता पार्टी शनिवार की शाम छह बजे राष्ट्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेन्स करेगी। बताया जा रहा है कि हाई प्रोफ़ाइल उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की जाएगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम शामिल होंगे। करीब 100 उम्मीदवारों की पहली सूची भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तैयार कर ली है। ख़ास बात यह है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी अपने राज्यसभा के महारथियों को लोकसभा के रण में उतारेगी।

राज्यसभा के ये चेहरे लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
भारतीय जनता पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा के जो सदस्य लोकसभा चुनाव लड़ेंगे उनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम सबसे बड़ा है। निर्मला सीतारमण को तमिलनाडु की किसी सीट से चुनाव लड़ाया जाएगा। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी इस बार दक्षिण भारतीय राज्यों को लेकर कहीं ज़्यादा संजीदा है। मोदी मंत्रिमंडल में शामिल राज्यसभा सदस्यों को लोकसभा टिकट दिया जाएगा।

पहली लिस्ट में शामिल होंगे पीएम मोदी
पहली लिस्ट में सबसे ज़्यादा उम्मीदवार 80 सीटों वाले सबसे बड़े प्रदेश यूपी से घोषित होंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सबसे ऊपर होगा। प्रधानमंत्री एक बार फिर पूर्वांचल की वाराणसी संसदीय सीट से प्रत्याशी रहेंगे। दूसरा बड़ा नाम केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का है। राजनाथ सिंह फिर लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की करीब 20 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भारतीय जनता पार्टी करेगी। गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर गुजरात की गांधीनगर सीट से उम्मीदवार रहेंगे।

गौतम गंभीर ने पॉलिटिक्स छोड़ी
एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता अपने टिकट की घोषणा का इंतज़ार कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ दिल्ली से सांसद गौतम गम्भीर ने पॉलिटिक्स छोड़ने का ऐलान कर दिया है। गौतम गंभीर ने शनिवार की सुबह ट्वीट किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को संबोधित करते हुए लिखा कि वह राजनीति से ब्रेक लेना चाहते हैं। क्रिकेट के लिए काम करने की इच्छा है। उनका आशय लोकसभा चुनाव के लिए उनका नामांकन कन्सीडर नहीं करना है। दरअसल, पिछले करीब एक पखवाड़े से चर्चा चल रही थी। जिसमें कहा जा रहा था कि दिल्ली के जिन सांसदों का पार्टी टिकट काटेगी, उनमें गौतम गंभीर भी शामिल हैं।

Also Read