Muzaffarnagar News : बुरका पहने महिला तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आई, नहीं हो सकी शिनाख्त

UPT | खतौली में जानसठ फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में महिला के आने के बाद मौके पर लगी भीड़।

May 05, 2024 16:44

बुरका में होने के कारण महिला ना तो ट्रेन देख सकी और ना उसका हॉर्न ही सुन सकी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर महिला को जल्द से ट्रैक से हटने के लिए कहा। लेकिन...

Short Highlights
  •  बुरका पहने महिला पार कर रही थी रेलवे ट्रैक
  • मृतका की नहीं हो पाई शिनाख्त,शव पोस्टमार्टम को भेजा
  • लोग कर चुके हैं अंडरपास बनवाने की रेलवे से मांग 
Muzaffarnagar : मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के जानसठ रोड फ्लाईओवर के नीचे से ट्रैक पार कर रही महिला तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की टक्कर से महिला के परखच्चे उड़े और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त करने के प्रयास किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

आज रविवार को बुरका पहने एक महिला जानसठ रोड पर बने फ्लाईओवर के नीचे से रेलवे ट्रैक पार कर बाजार जा रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेन हॉर्न देते हुई आ रही थी। बुरका में होने के कारण महिला ना तो ट्रेन देख सकी और ना उसका हॉर्न ही सुन सकी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर महिला को जल्द से ट्रैक से हटने के लिए कहा। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

महिला कई फीट उछलकर नीचे गिरी
तेज गति से आती ट्रेन ने बुरका पहने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन की चपेट में आते ही महिला कई फीट उछलकर नीचे गिरी और उसके चीथड़े उड़ गए। ट्रेन की टक्कर से महिला की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक महिला की पहचान के प्रयास किए। लेकिन मौके पर मौजूद कोई व्यक्ति महिला की शिनाख्त नहीं कर सका। पुलिस ने अज्ञात में लाश का पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि इस समय फ्लाईओवर का निर्माण और रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इस समय जानसठ रोड पर स्थित फाटक को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। 

रेलवे आम लोगों की मांग को नहीं मान रहा
स्थानीय लोगों द्वारा अनेको बार फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास बनवाने की मांग रेलवे से की जा चुकी है। लेकिन इसके बाद भी रेलवे आम लोगों की मांग को नहीं मान रहा है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होने से लोगों की जान जा रही है। जानसठ फ्लाईओवर की चौड़ाई कम होने के कारण अधिकांश लोग जान जोखिम में डालकर फ्लाईओवर के नीचे से रेलवे ट्रैक पार करते हैं। जिसके चलते थोड़ा ध्यान भटकने पर लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।
 

Also Read