मां की क्रूरता : 11 वर्षीय बेटे की पिटाई, बड़े बेटे से बनवाया वीडियो, सहारनपुर में पति को भेजा

UPT | 11 वर्षीय बेटे की पिटाई

Jul 18, 2024 19:13

सहारनपुर में एक महिला द्वारा अपने 11 वर्षीय बेटे की निर्दयतापूर्वक पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो महिला ने हरिद्वार में अपने 12 वर्षीय बड़े बेटे से बनवाया और फिर अपने पति को भेज दिया...

Saharanpur News : सहारनपुर में एक महिला द्वारा अपने 11 वर्षीय बेटे की निर्दयतापूर्वक पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो महिला ने हरिद्वार में अपने 12 वर्षीय बड़े बेटे से बनवाया और फिर अपने पति को भेज दिया, जो सहारनपुर के देवबंद में रहता है। वीडियो लगभग दो महीने पुराना है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पति को डराने के लिए वीडियो बनाया
घटना हरिद्वार जिले के थाना झबरेड़ा क्षेत्र की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला अपने छोटे बेटे को बेरहमी से पीट रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि पति मनोज परिवार चलाने का खर्च नहीं देता। उसे डराने के लिए महिला ने यह वीडियो बनवाकर भेजा था, जो सहारनपुर में एक कपड़े की दुकान में काम करता है। मनोज ने बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।



चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने संज्ञान लिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चाइल्ड केयर हेल्पलाइन को सूचित किया। महिला को नियमानुसार बुलाया गया और उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया गया। वहां महिला की कई चरणों में काउंसलिंग की जाएगी। पहले चरण में, महिला और उसके बच्चों की कई घंटों तक काउंसलिंग की गई, जिसमें कमेटी ने पूरे मामले को विस्तार से सुना और समझा।

दस साल से दंपति में विवाद
पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसका अपने पति से पिछले लगभग 10 वर्षों से विवाद चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसका पति घर का खर्च नहीं देता। लंबे समय से घर नहीं आया है और नशे का आदी है। महिला ने कहा कि वह एक स्थानीय दुकान में काम करके मुश्किल से घर का खर्च चलाती है। उसने यह भी बताया कि उसने अपने पति को डराने और उसे घर की जिम्मेदारियों का अहसास कराने के लिए यह वीडियो बनवाया था।

महिला का दावा- यह सब नाटक था
महिला ने दावा किया कि पिटाई के दौरान उसने केवल बच्चे के सीने पर अपना सिर रखा था और यह सब नाटक था। उसने कहा कि उसने बच्चे को वास्तव में नहीं मारा। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला अपने पड़ोसियों से कम मिलती-जुलती है, लेकिन उसका बच्चों के प्रति व्यवहार सामान्यतः ठीक रहा है। इस तरह की कोई घटना पहले कभी नहीं हुई।

इन पहलुओं पर जांच
अब यह मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास है। महिला की काउंसलिंग जारी है। समिति ने महिला का मोबाइल नंबर भी लिया है ताकि वे समय-समय पर बच्चों से बात कर सकें। साथ ही वे किसी भी दिन अचानक महिला के घर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। इस बीच थाना झबरेड़ा पुलिस भी मामले पर नजर रखे हुए है और महिला के पति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Also Read