हमीरपुर। नोएडा में स्लीपर डबल डेकर बस में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हमीरपुर जिले में परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। शासन के निर्देश पर सुरक्षा मानक और फिटनेस को लेकर व्यापक जांच चल रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड रोड पर एआरटीओ की टीम ने लांग रूट पर चलने वाली तीन स्लीपर डबल डेकर बसों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में काव्य बस सर्विस और विश्वनाथ बस सर्विस समेत तीनों बसें सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह फेल पाईं और मौके पर सीज कर दी गईं।
किस बात पर कार्रवाई की गई
जांच के दौरान आपातकालीन खिड़कियों और अग्निशमन यंत्रों की कमी सामने आई। इसके अलावा बसों के फिटनेस से जुड़े जरूरी दस्तावेजों में भी भारी अनियमितता मिली। अधिकारियों ने मौके पर तीनों बसों को बंद कर दिया और नियम उल्लंघन के तहत प्रति बस लगभग 40 से 50 हजार रुपये का चालान भी काटा गया।
परिवहन विभाग के अधिकारीयों का कहना है कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखकर की गई है। ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि किसी भी तरह की अनियमितता समय रहते पकड़ी जा सके और हादसों को रोका जा सके।
बसों के सीज होने से बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए हंगामा भी देखने को मिला। यात्रियों और ड्राइवरों के बीच तीखी बहस हुई और कई लोग अपनी बसों की स्थिति पर नरम रवैया न होने की शिकायत कर रहे थे। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि ऐसे निरीक्षण आवश्यक हैं, लेकिन ठोस वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं ताकि लोगों का आवागमन प्रभावित न हो। आगे किस तरह की कार्रवाई होगी, यह परिवहन विभाग की अगली जांच रिपोर्ट और निर्देशों के बाद स्पष्ट होगा।
स्रोत: अमर उजाला

