Mainpuri News : निमंत्रण नहीं मिला तो भी अयोध्या जाऊंगी : डिंपल यादव

Google | डिंपल यादव

Dec 26, 2023 18:33

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम के लिए अगर उन्हें निमंत्रण नहीं मिला, तो भी वह जाएंगी, भले ही निर्धारित तारीख के बाद जाएं। 

Mainpuri news : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सोमवार शाम को पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम को राजनीति में नहीं बांधना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम के लिए अगर उन्हें निमंत्रण नहीं मिला, तो भी वह जाएंगी, भले ही निर्धारित तारीख के बाद जाएं। 
सोमवार को सांसद डिंपल यादव सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष ज्योती मैसी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि सांसदों का निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। 

भाजपा पर साधा निशाना
सपा सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम में नहीं बुलाने की मांग भाजपा की सोच को उजागर करती है। भगवान राम की बात करना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उनके आदर्शों को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि संसद से 142 सांसदों का एकसाथ निलंबन बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। ऐसी घटना किसी भी देश में नहीं हुई है। केंद्र सरकार पूरी तरह डरी हुई है। डिंपल यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में ईडी, सीबीआई, आयकर टीम का जमकर दुरुपयोग किया है। 

सरकार सच नहीं सुनना चाहती
सपा सांसद ने कहा कि सरकार सच सुनना नहीं चाहती है। संसद में चर्चा कराने से डरती है। तमाम तरह की बातों को उछालकर जनता का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाया जा रहा है। सरकार निशुल्क राशन देने का दावा तो करती है, लेकिन बेरोजगारों को नौकरी देने की दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रही है। 
डिंपल यादव ने कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष के चुनाव में भी सरकार के लोग शामिल रहे हैं। सांसद ब्रजभूषण सिंह के करीबी को ही अध्यक्ष बनवा दिया गया है। बाद में दबाव में आकर चुनाव को रद्द कर दिया। 

आतंकी घटनाएं सरकार के दावों की खोल रही पोल
कश्मीर में हुए आतंकी हमले में चार जवानों और तीन नागरिकों की हत्या केंद्र सरकार के दावों की पोल खोल रही है। सरकार जहां पत्थर तक नहीं चलने का दावा कर रही है वहीं आतंकी सेना के जवानों पर लगातार हमले कर रहे हैं। केंद्र को आतंकवाद के मामले में तथ्य देश की जनता के सामने लाने चाहिए।

यह लोग रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य, विधायक किशनी बृजेश कठेरिया, पूर्व सदर विधायक राजकुमार यादव, जिला महासचिव रामनारायण बाथम, सुबोध यादव, उपदेश यादव, कमल वर्मा, मानवेंद्र सिंह, देवेंद्र यादव एडवोकेट, देवेंद्र यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Also Read