एमपी भवन और महाराज विक्रमादित्य के नाम से घाट बनवाएगी मध्यप्रदेश सरकार : रामलला के ड्योढ़ी पर सीएम मोहन यादव ने टेका मत्था

UPT | मुख्यमंत्री मोहन यादव

Mar 06, 2024 13:25

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल और अधिकारियों व सहयोगियों के साथ सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य, दिव्य व नव्य श्रीरामलला के मंदिर में...

Short Highlights
  • रामलला के दर्शन को पहुंचे अपनी कैबिनेट संग एमपी के सीएम, बोले-सौभाग्य से मिला ये दिन
  • महाराज विक्रमादित्य ने अयोध्या राम मंदिर का कराया था जीर्णोद्धार 
Ayodhya News (अरुण पाठक) : मध्यप्रदेश का अयोध्या से गहरा संबंध रहा है। करीब 2000 वर्ष पहले महाराज विक्रमादित्य अयोध्या आकर राम मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। मध्य प्रदेश सरकार मध्य प्रदेश भवन के साथ-साथ पवित्र सरयू नदी तट पर महाराज विक्रमादित्य के नाम से घाट बनवाएगी। उक्त घोषणा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की है। 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल और अधिकारियों व सहयोगियों के साथ सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य, दिव्य व नव्य श्रीरामलला के मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। रामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य के बाद ये दर्शन प्राप्त हो रहा है। रामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद 22 जनवरी अमर दिवस हुआ है।
 
सीएम मोहन यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का संबंध 2000 वर्ष पुराना है। महाराज विक्रमादित्य अयोध्या आकर राम मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। 500 साल बाद फिर एक अच्छा समय आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आकर कई जन्मों के पुण्य प्राप्त हुए हैं। अयोध्या, काशी, मथुरा यह तो मोक्ष प्रदान करने वाली नगरी है। ऐसे में यहां आकर जो आनंद आता है उसकी किसी से तुलना नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार चाहेगी तो अयोध्या में मध्य प्रदेश भवन बनाकर यात्रियों के लिए एक सुविधा केंद्र भी बनाएंगे। सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर घाट भी बनवाएंगे। इससे पहले श्रीरामलला मंदिर पहुंचने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के पदाधिकारियों महासचिव चम्पत राय, डॉ. अनिल मिश्र, राजेन्द्र सिंह पंकज, गोपाल राव, पुजारी  सत्येन्द्र दास द्वारा स्वागत किया गया। 

हमें मथुरा देखना पड़ेगा
सीएम मोहन यादव ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर मथुरा की उपेक्षा करने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से मुंह मोड़े रहने के लिए उन्हें उलाहना दिया। इसके साथ यह भी कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद हमें स्वाभाविक रूप से मथुरा की ओर देखना होगा। भगवान राम के मामले में तो जो कष्ट हुआ, वह सबके सामने है लेकिन अब भी मौका है, अब भी बोल दो। कोई साथ आएगा तो हम उसे लेकर मटकी फोड़ने चलेंगे।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
सोमवार दोपहर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 63 सदस्यीय अपने मंत्रिमंडल व अफसरों की टीम के साथ महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट से श्रीराम मंदिर के लिए 4 ई बसें लगाई गई थीं। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री/जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से आगुवानी की। इस अवसर पर सांसद अयोध्या लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रूदौली रामचन्द्र यादव, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर सहित भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। ढोल नगाड़ों की बीच हुए भव्य स्वागत के साथ-साथ संस्कृति विभाग के कलाकारों ने मनमोहक नृत्य पेश कर स्वागत किया।
 

Also Read