Kanpur News : इस्कॉन मंदिर में राधा माधव का 151 कलशों से अभिषेक, 1008 व्यजनों का भोग लगाया... 

UPT | भगवान का अभिषेक करते पु​जारी।

Aug 28, 2024 00:46

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर कानपुर में जगह-जगह विशिष्ट महोत्सव मनाया गया। इसी क्रम में मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर उत्साह उमंग के साथ विशिष्ट महोत्सव मनाया गया। संपूर्ण मंदिर...

Kanpur News : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर कानपुर में जगह-जगह विशिष्ट महोत्सव मनाया गया। इसी क्रम में मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर उत्साह उमंग के साथ विशिष्ट महोत्सव मनाया गया। संपूर्ण मंदिर प्रांगण विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। मंदिर में श्री कृष्ण, कालिया, तालाब, गौशाला एवं उपवनों की झांकियां एवं लाइटों से सुशोभित थे। मंदिर की अलंकारमय सजावट को देखकर ऐसा प्रतीत हुआ, मानो ब्रज के वनों ने अपना विस्तार प्रकट कर दिया। जन्माष्टमी पर्व पर सांस्कृतिक संध्या, श्री कृष्ण लीला पर आधारित पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां, लघु नाटिकाएं एवं छोटे बच्चों द्वारा कृष्ण लीलाओं की झांकियां सम्मिलित थीं।

भजनों से मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
श्री कृष्ण के मधुर भजनों पर नृत्य और भजन ने सभी को भक्ति भाव से मंत्रमुग्ध कर दिया। सोमवार शाम मंगल आरती के साथ ही उत्सव का प्रारंभ हुआ। हजारों की संख्या में भक्तों ने श्री राधा माधव के विशेष दर्शन प्राप्त किये। इस वर्ष वृंदावन के कारीगरों द्वारा श्री श्री राधा माधव की रत्न जड़ित पोशाक तैयार की गई। जगमगाता इस्कॉन प्रांगण कानपुर वासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। दर्शन आरती एवं गुरु पूजा के पश्चात श्रीमद् भागवत कथा, श्रीमान वंशिवदन प्रभु द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के रहस्य को मनमोहन लीलाओं से समझाया गया। रात श्री भगवान को तुलसी अर्पण प्रारंभ हुआ। दिव्य स्नान के अंतर्गत विशिष्ट शंखों में श्री श्री राधा कृष्ण का अभिषेक किया गया। फोक फैमिली लॉर्ड कृष्ण आरती के माध्यम से हजारों भक्तों ने श्री राधा कृष्ण की विशिष्ट आरती संपन्न की। जन्माष्टमी पर पूरे दिन मंदिर के कपाट खुले रहे।

इस पावन अवसर पर डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने हरे कृष्णा की आकर्षक दिव्य ध्वनि का आनंद लेते हुए श्री श्री राधा माधव के मनमोहक दर्शन प्राप्त किए।रात्रि 11:30 बजे से श्री श्री राधा माधव का 151 चांदी के कलशों से भव्यतम अभिषेक संपन्न किया गया। श्री भगवान को 1008 व्यंजनों का भोग भी अर्पित किया गया। रात 12:00 श्री कृष्ण के प्राकट्य समय पर वृहद मृदंग की ध्वनियां, करताल की झंकार के साथ संकीर्तन द्वारा भगवान की महाआरती संपन्न हुई। इस्कॉन द्वारा विभिन्न स्कूलों में श्रीमद् भागवत पर आधारित श्री कृष्ण लीला से संबंधित प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

सनातन धर्म मोहन मंदिर में धूम
सनातन धर्म मोहन मंदिर गोविंद नगर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया।मंदिर में भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन झांकियों के माध्यम से किया गया।झांकियों में कृष्ण जन्म, बकासुर वध, गजेंद्र मोक्ष, पार्वती शिव आराधना आदि कई झांकियां का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के अध्यक्ष पूर्व विधायक अजय कपूर, कोऑपरेटिव स्टेट दादा नगर अध्यक्ष विजय कपूर ने श्री कृष्ण जी को झूला झुलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। 

सुंदर पुष्प से सजाया गया जेके मंदिर  
जेके मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। शाम को योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी और जेके मंदिर पहुंचकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर कान्हा के दर्शन किए। जेके मंदिर को सुंदर पुष्प से सजाया गया। मंदिर में विराजमान भगवान का दिव्य पुष्प आभूषण और पोशाकों से श्रृंगार हुआ।

Also Read