Ghaziabad News : आज निकलेगा मोहर्रम का जुलूस, कर्बला को खिराज-ए-अकीदत करेंगे पेश

UPT | मोहर्रम के जुलूस के लिए ताजिया बनाते मुस्लिम समाज के लोग।

Jul 18, 2024 01:47

सिहानी गेट नवयुग बाजार से आठ ताजिए आज दिन में 3.30 बजे निकाले जाएंगे जो कि शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए करबला पहुंचेंगे।

Short Highlights
  • ताजिया को सलाम करने आए बड़े अखाड़े
  • सिहानी गेट नवयुग बाजार से निकलेंगे आठ ताजिए
  • शिया सोगवार करेंगे सीनाजनी और नोहाख्वानी
Ghaziabad News : गाजियाबाद में आज मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। सिहानी गेट नवयुग बाजार से आठ ताजिए आज दिन में 3.30 बजे निकाले जाएंगे जो कि शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए करबला पहुंचेंगे। जहां पर ताजिए दफनाए जाएंगे। सूफी मुस्तकीम के नेतृत्व में मोती मस्जिद से शाम अखाड़ा निकाला जाएगा। वहीं दूसरी ओर इस्लाम नगर फारुख अब्बासी के नेतृत्व में अंजुमन अखाड़ा निकलेगा।  

ताजिये के साथ जुलूस अलम बरामद किया जाएगा
मोहर्रम का जुलूस शहर काजी रईस अहमद के सरपरस्ती में निकाला जाएगा। मोहर्रम कमेटी के रहीसुद्दीन ने बताया कि मोहर्रम के मौके पर नोहाख्वानी व सीनाजनी करते हुए शिया सोगवार नवासा-ए रसूल हजरत इमाम हुसैन की याद में आंसू बहाएंगे। ताजिये के साथ जुलूस अलम बरामद किया जाएगा। जिसमें हजारों सोगवार शिरकत करेगें और शोहदा-ए करबला को खिराज-ए-अकीदत पेशगी देंगे।

जालिम यजीद के आगे घुटने नहीं टेके
शहर काजी रईस अहमद ने बताया कि इमाम हुसैन और उनके परिवार व 72 साथियों की शहादत की याद में मोहर्रम मनाया जाता है। बताया कि हजरत हुसैन ने जालिम यजीद के आगे घुटने नहीं टेके और इंसानियत बचाने के लिए शहादत दी थी। इसके बाद अंजुमन-ए हुसैनी अलम और ताजियों का जुलूस लेकर नोहा ख्वानी और इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए ताजिया जुलूस के साथ मातम किया था।

शिया समुदाय की ओर से मातमी जुलूस निकाला जाएगा
वहीं दूसरी ओर आज साहिबाबाद में भी मोहर्रम के मौके पर शहीदनगर सहित अन्य स्थानों पर शिया समुदाय की ओर से मातमी जुलूस निकाला जाएगा। नोहाख्वान नोहे पढ़ेंगे और सोगवार जंजीरों से मातम करेंगे। डासना में शिया समुदाय ने ताजिया जुलूस निकालने की तैयारी की है। इस दौरान कई जगह मातम मनाया जाएगा। ताजिया को नियत स्थल कर्बला तक पहुंचा कर दफनाया जाएगा। खलीफा इफ्तेखार के नेतृत्व में युवक पटाबाजी करेंगे।

Also Read