बारिश के बाद तालाब बन गई यह कॉलोनी : नाव चलाकर आ-जा रहे लोग, रहवासी बोले- 'इतना गहरा कि डूब जाए इंसान'

UPT | बारिश के बाद तालाब बन गई यह कॉलोनी

Jun 30, 2024 15:37

मुरादाबाद में बारिश के बाद एक कॉलोनी पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है। लोगों को नाव से आना-जाना पड़ रहा है। कॉलोनी में चलती नाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।

Short Highlights
  • बारिश के बाद तालाब बन गई कॉलोनी
  • नाव चलाकर आ-जा रहे लोग
  • रहवासियों का भड़का गुस्सा
Moradabad News : उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो चुकी है। राज्य के लगभग 80 फीसदी हिस्से को मानसून ने कवर कर लिया है। लखनऊ, वाराणसी, कासगंज, बहराइच, बलरामपुर समेत 15 जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश से कई जगह सड़कों को गड्ढे हो गए हैं, तो कहीं पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई है। ताजा मामला मुरादाबाद का है। यहां बारिश के बाद एक कॉलोनी पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है। लोगों को नाव से आना-जाना पड़ रहा है।

जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल मामला मुरादाबाद की भोलानाथ कॉलोनी का है। यहां बारिश के बाद इलाके में इतना पानी भर गया कि सड़कें तो छोड़िए, कई घर भी जलमग्न हो गए। कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा लोगों ने खुद ही किसी तरह एक नाव का जुगाड़ किया और आने-जाने के लिए उसका इस्तेमाल करने लगे। कॉलोनी में चलती नाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।
 
रहवासियों का भड़का गुस्सा
कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने बताया कि 'यहां पानी के निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां इतना पानी जमा है कि इंसान डूब जाए। कल एक आदमी पानी से जाने की कोशिश कर रहा था, वह बाल-बाल बचा। तीन दिन से हम यहां फंसे थे। न खाने को था, न दवाई ला पा रहे थे। कल नाव आई, अब इसी से जा रहे हैं।' वहीं कॉलोनी के एक व्यक्ति ने कहा कि 'यहां नाले टूटे हुए हैं, पूरे मोहल्ले में पानी भरा हुआ है। कल से नाव आई है। रात में ड्यूटी से आने पर डर लगता है। कीड़े-मकौड़े घर में घुस रहे हैं।'

पश्चिम यूपी को अभी भी इंतजार
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से मानसून की बारिश में भीग रहे हैं। लेकिन नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिम यूपी के कई शहर अभी भी मानसून की राह देख रहे हैं। यहां बीते कुछ दिनों में प्री-मानसून इफेक्ट देखने को जरूर मिला, लेकिन मानसून की बारिश के लिए थोड़ा इंतजार और करना होगा। माना जा रहा है कि अगले 2-3 दिनों में यहां मानसून दस्तक दे सकता है।

Also Read