Gorakhpur News : मुख्यमंत्री योगी ने अपने गृह बूथ पर किया भाजपा सदस्यता अभियान का शुभारंभ, राष्ट्रवादी मूल्यों पर दिया जोर

UPT | सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी ली।

Sep 06, 2024 18:49

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 का शुभारंभ किया।

Short Highlights
  • शहर विधानसभा क्षेत्र के अपने गृह बूथ पर मुख्यमंत्री ने किया सदस्यता अभियान का शुभारंभ
  • टोल फ्री नंबर की जानकारी देकर सीएम ने अपने सामने ग्रहण कराई सदस्यता
  • बोले मुख्यमंत्री - दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है भाजपा, चलती है राष्ट्रवादी मूल्यों और सिद्धांतों पर
Gorakhpur News : गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सदस्यता अभियान एक राष्ट्रवादी मिशन है, जो देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रवादी मूल्यों को समर्पित लोगों को भाजपा से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने अपने गृह बूथ संख्या 223 (पुराना गोरखपुर वार्ड) पर इस अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
टोल फ्री नंबर से दिलाई डिजिटली सदस्यता
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए लोगों को टोल फ्री नंबर 8800002024 के माध्यम से पार्टी की डिजिटली साधारण सदस्यता दिलाई। उन्होंने बताया कि इस नंबर पर मिस्ड कॉल करने से किसी भी व्यक्ति को भाजपा की सदस्यता प्राप्त हो जाएगी, और उसे इसका प्रमाण पत्र उसके मोबाइल पर प्राप्त होगा। 

भाजपा को बताया दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी
मुख्यमंत्री ने कहा, "भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो राष्ट्रवादी मूल्यों और सिद्धांतों पर चलती है। यह पार्टी देश के भीतर राष्ट्रवाद को मजबूत करने और देश की उन्नति के लिए कार्य कर रही है।" उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा का सदस्यता अभियान हर छह साल में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाता है, और इसके जरिए पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नए लोग भी इससे जुड़ सकते हैं।



बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान को और मजबूत करने की अपील
मुख्यमंत्री ने अपने गृह बूथ के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "जिस बूथ संख्या 223 पर मैं कार्यकर्ता हूं, वहां हमेशा राष्ट्रवादी विचारधारा वाले लोगों का समर्थन मिलता है, और भाजपा इस बूथ पर हमेशा विजयी होती है। इसलिए हमें बूथ स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता दिलाने पर जोर देना चाहिए।" 

100 साधारण सदस्य बनाने पर बनेगा सक्रिय सदस्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी जानकारी दी कि जो भी व्यक्ति 100 साधारण सदस्य बनाएगा, वह भाजपा का सक्रिय सदस्य बन जाएगा। ऐसे सदस्य पार्टी के पदाधिकारी बनने के योग्य होंगे। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर से भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू होगा, जिसमें साधारण सदस्यता का सत्यापन किया जाएगा। सक्रिय सदस्य बनने के बाद ही पार्टी के भीतर और जिम्मेदारियों को संभालने का मौका मिलेगा।

सदस्यता लेने वालों के साथ ली सेल्फी, तीज की दी बधाई
इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने जिन लोगों ने बूथ संख्या 223 पर भाजपा की सदस्यता ली, उनके साथ खुद सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सभी लोगों को हरतालिका तीज की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पार्षद पवन त्रिपाठी, बूथ अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, वीर सिंह सोनकर, दिवाकर श्रीवास्तव समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा के इस सदस्यता अभियान से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी और राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ जुड़े नए लोगों से पार्टी का आधार और व्यापक होगा।

Also Read