Agra News : थाने में बनी बैरक की बालकनी से गिरकर दरोगा की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

फ़ाइल फोटो | दारोगा कुलदीप कुमार तिवारी

Aug 25, 2024 02:26

आगरा पुलिस कमिश्नरी सिटी जोन के थाना एत्माद्दौला की बैरक की बालकनी से शुक्रवार देर रात गिरकर झांसी के रहने वाले एक उप निरीक्षक की मौत हो गई। बताया गया है कि...

Agra News : आगरा पुलिस कमिश्नरी सिटी जोन के थाना एत्माद्दौला की बैरक की बालकनी से शुक्रवार देर रात गिरकर झांसी के रहने वाले एक उप निरीक्षक की मौत हो गई। बताया गया है कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली समाप्त कराने के बाद वह यहां अन्य पुलिसकर्मियों के साथ रुके थे। वहीं मामले की सूचना पर जिले के आलाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। 

लघुशंका के बाद अचानक गिरे
जानकारी के अनुसार, एत्माद्दौला थाना परिसर स्थित बैरक की बालकनी से शुक्रवार देर रात गिरकर दारोगा कुलदीप कुमार तिवारी की मौत हो गई। पुलिस लाइन में तैनात दारोगा कुलदीप की ड्यूटी शुक्रवार को पुलिस भर्ती परीक्षा में लगाईं गई थी। शाम की पाली की परीक्षा के बाद एसआई थाने की बैरक में रुके थे। शुक्रवार देर रात लघुशंका के लिए उठे। लघुशंका के बाद बैरक में लौटते समय बालकनी से किसी तरह नीचे गिर गए। जानकारी होने पर पुलिस दारोगा को लेकर अस्पताल पहुंची। वहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।

झांसी के रहने वाले थे मृतक दरोगा
दारोगा कुलदीप कुमार तिवारी की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। वह झांसी के थाना नवाबाद के महाराणा प्रताप नगर कॉलोनी के रहने वाले थे। कुलदीप साल 1991 में आरक्षी के पद से भर्ती हुए थे। जनपद औरैया से तीन सप्ताह पहले ही स्थानांतरित होकर आगरा जनपद में जॉइनिंग की थी। उनकी मृत्यु की सूचना परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस महकमे में दारोगा की मौत पर शोक ही लहर है।

Also Read