Mainpuri News : मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को जानवरों की तरह खूंटे से बांधकर पीटा, दबंगों ने दी तालिबानी सजा

UPT | खूंटे से बंधा युवक

Jun 27, 2024 16:39

मैनपुरी से एक शर्मनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दबंगों ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर युवक को तालिबानी सजा दी। युवक को जानवरों की तरह खूंटे से बांध दिया, फिर उसको थर्ड डिग्री टॉर्चर किया।

Mainpuri News : यूपी के मैनपुरी से एक खौफनाक घटना सामने आई है। मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर दबंगों ने युवक को जानवरों की तरह खूंटे से रस्सी के सहारे तीन घंटे तक बांध कर रखा। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। घटना की सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। वहीं पीड़ित युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही पीड़ित युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तीन घंटे तक बंधक बनाकर पीटा
कुसमरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी श्याम सिंह चौहान पर गांव के ही भदेही श्रीचंद्र ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। युवक ने जब मोबाइल चोरी करने से इनकार किया तो आरोपी अपने साथ घर ले गए। घर ले जाकर श्याम सिंह को खूंटे से रस्सी के सहारे बांध दिया। इसके बाद लात-घूसों से जमकर पिटाई की, लगभग तीन घंटे तक बंधक बनाकर पीटा। इतना ही नहीं आरोपियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया।

पुलिस के आने से पहले आरोपी भाग गए
श्याम सिंह की पत्नी अंजली चौहान को घटना की जानकारी मिली, तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। पुलिस के आने से पहले आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित की पत्नी अंजली चौहान ने कुसमरा चौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिरोही के मुताबिक महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।

Also Read