अखिलेश यादव का मानसून ऑफर : सौ विधायक लाओ, सरकार बनाओ! भाजपा का पलटवार- संघर्ष करके पार्टी खड़ी की होती तो...

UPT | akhilesh yadav

Jul 18, 2024 12:29

अखिलेश यादव की इस टिप्पणी के बाद भाजपा से भी पलटवार किया गया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा कि अखिलेश यादव जी मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। संघर्ष करके पार्टी खड़ी की होती तो आज ऑफर नहीं देने पड़ते।

Lucknow News : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भाजपा पर एक के बाद एक निशाना साध रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को सोशल साइट एक्स पर एक बार फिर भाजपा पर तंज कसा।  

केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कस रहे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि मानसून ऑफर है-100 लाओ और सरकार बनाओ। सपा अध्यक्ष की इस पोस्ट को भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से जोड़कर देखा जा रहा है। वह इन दिनों केशव प्रसाद मौर्य पर लगातार हमला बोल रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने संकेत दिया है कि अगर 100 विधायकों का समर्थन है तो सपा मुख्यमंत्री पद के लिए अपना समर्थन दे सकती है। 

केशव मौर्य के दिल्ली से लौटने पर भी किया कटाक्ष
सपा की ओर से पहले भी इस तरह के बयान दिए जाते रहे हैं। वहीं अब उनकी सरकार से नाराजगी और दिल्ली दौरे को लेकर माना जा रहा है ये  टिप्पणी की गई है। अखिलेश यादव ने इससे पहले भी गुरुवार को सोशल साइट एक्स पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कहा 'लौट के बुद्धू घर को आए'। इसे भी केशव प्रसाद मौर्य से जोड़कर देखा जा रहा है। 
भाजपा बोली अखिलेश मानसिक रूप से दिवालिया
उधर अखिलेश यादव की इस टिप्पणी के बाद भाजपा से भी पलटवार किया गया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा कि अखिलेश यादव जी मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। संघर्ष करके पार्टी खड़ी की होती तो आज ऑफर नहीं देने पड़ते। अपने पिता को धक्का दकर पार्टी पर कब्जा करने वाले अखिलेश यादव के राज को जनता भूली नहीं है।

जनता ने लगाया ठिकाने
उन्होंने कहा कि अपराधियों, बलात्कारियों, लव जेहादियों, आतंकवादियों, लुटेरों, भूमाफियों, रंगदारों, भ्रष्टाचारियों, युवाओं के रोजगार ठगने वालों की समर्थक सरकार को जनता ने ठिकाने लगाया है और आगे भी लगाएगी। इसीलिये ऑफर बांटते फिर रहे हैं। क्योंकि खुद की कोई कूवत नहीं है। 
 

Also Read