हरदोई का अधिवक्ता हत्याकांड :  क्लाइंट बनकर आए थे शूटर्स, फाइल खोलते ही कनपटी में मार दी गोली

UPT | जाम लगाते अधिवक्ता

Jul 31, 2024 21:20

हरदोई के जाने-माने वकील कनिष्क मेहरोत्रा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। 2 शूटर्स घर में क्लाइंट बनकर आए थे। इस दौरान आरोपियों ने मुंशी से कहा कि...

Hardoi News : हरदोई के जाने-माने वकील कनिष्क मेहरोत्रा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। 2 शूटर्स घर में क्लाइंट बनकर आए थे। इस दौरान आरोपियों ने मुंशी से कहा कि कोर्ट मैरिज करनी है। वकील साहब को बुला दीजिए। इसके बाद अधिवक्ता कनिष्क कमरे में पहुंचे, तभी शूटर्स ने उनको फाइल पकड़ा दी। फाइल खोलते ही शूटर्स ने कनपटी पर गोली मार दी। मुंशी चिल्लाया तो शूटर्स मौके से फरार हो गए। उनका एक साथी बाहर खड़ा था। वारदात के बाद परिवार वकील को गंभीर हालत में लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मंगलवार शाम को सवा सात बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, पुलिस बूथ से सिर्फ 20 मीटर की दूरी पर वकील कनिष्क मेहरोत्रा का घर है। यह शहर का पॉश इलाका है। उनके घर की कीमत करीब 5 करोड़ है। वह यहां 40 सालों से रह रहे थे। घर के बाहरी हिस्से में दफ्तर है। कनिष्क मेहरोत्रा मंगलवार सुबह 11 बजे कोर्ट गए थे। दिनभर काम करने के बाद शाम 4.30 बजे घर पहुंचे। शाम 7.15 बजे 2 युवक उनके घर पहुंचे। वारदात के वक्त घर में मुंशी गिरिश चंद्र वर्मा और काम करने वाली महिला भी मौजूद थी।

फाइल को खोलते ही तमंचा से कनपटी में मार दी गोली 
मुंशी ने बताया कि दरवाजा का लॉक नहीं था। बाहर से आवाज आई तो मैंने उनको अंदर बुला लिया। पूछा क्या काम है। उन्होंने जवाब दिया कि कोर्ट मैरिज करानी है। बाबूजी (वकील) को बुला दीजिए। वकील उस वक्त घर के अंदर थे। मुंशी ने बताया कि वह उन दोनों युवकों को वहीं बिठाकर साहब को बुलाने गया। वकील जैसे ही कमरे में आकर कुर्सी पर बैठे, तो उन लोगों ने एक फाइल पकड़ा दी। फाइल को खोलते ही एक बदमाश ने तमंचा निकालकर सीधे उनकी कनपटी में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली सिर को चीरती हुई उनके गले में फंस गई।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए शुटर्स
वकील की हत्या से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी नीरज जादौन कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। शहर से बाहर जाने वालों रास्तों की चेकिंग शुरू की। हालांकि, शूटर्स का पता नहीं चल पाया। इस मामले में पुलिस ने सपा के प्रदेश महासचिव समेत 4 लोगों को हिरासत में लिया है। वारदात के बाद फोरेंसिक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। वकील के घर के बाहर लगे और चौराहों पर लगे CCTV में आरोपियों की तस्वीरें कैद हुई है। पुलिस बहुत जल्द घटना का खुलासा करेगी। शूटर्स बाइक से आए थे। एक आरोपी बाइक लेकर बाहर खड़ा था। दो आरोपी अंदर गए थे।

क्या बोली पुलिस 
गोली चलाने वालों ने जिस अंदाज में एक ही गोली में सटीक निशाना लगाया, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमला करने वाले पेशेवर अपराधी थे। जिनको शायद किसी ने कांट्रेक्ट देकर वकील पर हमला करवाया हो।

आक्रोशित वकीलों ने लखनऊ पलिया नेशनल हाईवे किया जाम
घटना के बाद आक्रोशित वकीलों ने लखनऊ पलिया नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। हालांकि, पुलिस अफसर के समझाने के बाद जाम खोला गया। एसपी नीरज कुमार जादौन घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। तीन टीमों को लगाया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।

वकीलों ने की हड़ताल
वहीं वकीलों ने बुधवार सुबह फिर से प्रदर्शन किया। वकीलों ने घटना को लेकर 5 अगस्त तक समस्त न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। वकीलों ने हड़ताल कर दी है और हरदोई के जिला अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और हरदोई के पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन से मिलकर पूरे मामले में जल्द आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई  करने की दरखास्त की है।

हत्या की वजह को लेकर चल रही तहकीकात 
हत्या की वजह अभी तक साफ नही हो सकी है। पुलिस टीम तीन एंगलों पर जांच कर रही है। बताया कि कनिष्क मेहरोत्रा फौजदारी के जाने-माने वकील थे। उनका बेटा आशीष सेबी में अफसर है। बेटी गुड़गांव में प्राइवेट जॉब करती है। अब तक घरवालों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। वारदात को जिस तरह से अंजाम दिया गया, उससे शक है कि सुपारी किलर्स ने हत्या की। किसी केस की सुनवाई में उनकी किसी से रंजिश हो गई हो। ऐसे में उसने सुपारी किलर्स से वारदात को अंजाम दिलवाया। वकील का पैसों और जमीन को लेकर किसी से विवाद या किसी से कोई प्रोफेशनल रंजिश। वकील की पत्नी का देहांत हो चुका था। ऐसे में उनकी पुश्तैनी जायदाद के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस तेजी से सभी एंगल पर जांच करते हुए आगे बढ़ रही है।

लखनऊ में चल रहा शव का पोस्टमार्टम 
हरदोई में घर के अंदर गोली लगने से घायल अधिवक्ता को हरदोई की मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। वहां हरदोई से लखनऊ लगभग 2 घंटे में पहुंच गए थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद में शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में चल रहा है। उनका शव बुधवार शाम तक हरदोई पहुंचने की उम्मीद है।

Also Read