बारिश में सड़कों पर हुड़दंग : बाइक सवारों को गिराया, महिलाओं से की बदसलूकी, वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस

UPT | गोमतीनगर में ताज होटल के पास बारिश में लोगों को परेशान करते अराजक तत्व

Jul 31, 2024 20:02

हुड़दंगियों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा। लोगों के वाहनों को जबरन पानी में गिराया और उनके गिरते ही फिर पानी डालने लगे। ऐसे में महिलाएं असहज हो गईं। इन लोगों ने चार पहिया वाहन चला रहे लोगों को भी नहीं छोड़ा। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़े, बंपर में लात मारी और लाइट तोड़ दी।

Lucknow News : दूर तक फैला हुआ पानी ही पानी हर तरफ, अब के बादल ने बहुत की मेहरबानी हर तरफ... लखनऊ में बुधवार को हर तरफ नजारा कुछ ऐसा ही था। शहर में कुछ देर की बारिश ने अफसरों के दावों की पोल खोल दी। क्या आम-क्या खास, हर कोई बारिश में जलभराव से परेशान रहा। दोपहिया वाहनों से लेकर चार पहिया गाड़ियां पानी में डूब गईं। जगह जगह जलभराव के कारण वाहनों के बंद होने पर लोग धक्का लगाते नजर आए। इस बारिश में हुड़दंगी और अराजक तत्व भी लोगों को परेशान करने से बाज नहीं आए। गोमतीनगर इलाके का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें हुड़दंगी वाहन चालकों को हर तरफ से घेरकर परेशान करते नजर आए। इन्होंने महिलाओं से भी बदसलूकी की। वाहन चालकों को पानी में गिराया, उनका नुकसान किया और लोगों को परेशान किया। इसके काफी देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ हटाया, वहीं नगर निगम की टीम ने जल निकासी का इंतजाम किया।

ताज होटल की सड़क पानी में डूबी, पहुंचे हुड़दंगी
लखनऊ में कई दिनों से भयंकर उमस से बेहाल लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में बुधवार को दिन में अचानक काले बादल छाते ही इंद्रदेव लोगों पर मेहरबान तो हुए। लेकिन, कुछ ही देर में बारिश की खुशी लोगों के चेहरे से गायब हो गई। जलभराव के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले पुराने लखनऊ के साथ शहर के पॉश इलाकों में हर तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा। गोमतीनगर में ताज होटल के पास कुछ ही देर में सड़क पानी से लबालब हो गई। ऐसा लगने लगा कि मानों वहां कोई तालाब हो। इसके बाद वहां युवाओं की भीड़ जुटने लगी और लोग बारिश का आनंद लेने लगे। इनमें कई हुड़दंगी भी शामिल थे, जो बीच सड़क पर पानी के बीच खड़े होकर आने जाने वाले वाहन चालकों को निशाना बनाने लगे।

महिलाओं को किया परेशान, वाहन जबरन पानी में गिराए
इन हुड़दंगियों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा। लोगों के वाहनों को जबरन पानी में गिराया और उनके गिरते ही फिर पानी डालने लगे। ऐसे में महिलाएं असहज हो गईं। इन लोगों ने चार पहिया वाहन चला रहे लोगों को भी नहीं छोड़ा। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़े, बंपर में लात मारी और लाइट तोड़ दी। काफी देर तक ये तमाशा चलता रहा। ये सब तब हुआ, जब चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिस चौकी मौजूद है। आसपास के गुजर रहे लोगों ने इन हुड़दंगियों का वीडियो बना लिया। इसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
https://x.com/sanjay_media/status/1818655574164140525

सीसीटीवी फुटेज से अराजक तत्वों की पहचान कर रही पुलिस, नगर निगम ने जारी किया वीडियो 
इसके बाद गोमतीनगर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। लखनऊ पुलिस की ओर से बाद में बताया गया कि थाना गोमती नगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यक्तियों की भीड़ को हटा दिया। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अराजकता कर रहे लोगों की पहचान कर, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इसके बाद स्थिति के शांतिपूर्ण होने की बात कही। वहीं बाद में नगर निगम की ओर से भी वीडियो जारी किया गया, जिसमें जलभराव वाली जगह पर पहुंचकर नगर निगम की टीम जल निकासी करती नजर आई। इसके बाद नगर निगम की ओर से दावा किया गया कि कुछ ही मिनटों में मौके से पानी की पूरी तरह निकासी कर दी गई।    

माननीयों पर भी भारी पड़ी आफत की बारिश
लखनऊ में आफत की ये बारिश माननीयों पर भी भारी पड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के मॉल एवेन्यू स्थित आवास का इलाका भी पूर तरह से पानी में डूब गया। यहां दोपहिया गाड़ियां पानी में समा गईं। इसके अलावा विधानभवन में पानी के प्रवेश करने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गेट नंबर एक से बाहर निकालना पड़ा। मानसून सत्र के कारण विधायकों को जलभराव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश बंद होने के कई घंटे बाद तक विधानभवन में जल निकासी करने के लिए कर्मचारी जुटे रहे। उन्हें मशीन से लेकर बाल्टियों का सहारा लेना पड़ा। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बजट की सबसे अधिक आवश्यकता उत्तर प्रदेश विधानसभा को है, एक मूसलाधार बारिश में यह हाल है तो बाकी प्रदेश भगवान भरोसे है।

मेयर बाढ़ नियंत्रण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल, खुद का आवास पानी में डूबा 
इसके अलावा लालबाग में नगर निगम मुख्यालय में सभी विभागों में पानी घुस गया। यहां टैक्स विभाग, रेंट विभाग, पर्यावरण अभियंता कार्यालय, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, कंप्यूटर विभाग सहित कई दफ्तर पानी से लबालब हो गए। हालत ये थी कि इन जगहों पर कूड़ा कचरा तैरता नजर आया। ऐसे में अधिकारी जूते उतारकर नंगे पैर बाहर निकलते नजर आए। वहीं बारिश की वजह से फैमिली कोर्ट के पास महापौर सुषमा खर्कवाल का आवास तक तालाब में तब्दील हो गया। मेयर इन दिनों बाढ़ नियंत्रण के प्रशिक्षण को लेकर हैदराबाद में हैं। ऐसे में बारिश से उनका आवास ही पानी पानी में तब्दील हो गया। शहर में हर तरफ जलभराव की स्थिति को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के भी हाथ पांव फूल गए। उनके पास हर जगह से सूचनाएं आनी लगी। इसके बाद टीमों को सक्रिय किया गया। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह खुद भी कई जगह टीम के साथ पहुंचे और मोर्चा संभाला। 

Also Read