महिला सुरक्षा पर विधानसभा में हुए खूब दावे : राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह बोली- 'मेरी फरियाद पर भी ध्यान दीजिए'

UPT | राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने किया पोस्ट

Jul 31, 2024 18:53

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि 2016 की तुलना में दहेज और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है।

Short Highlights
  • सीएम योगी से भानवी सिंह ने किए सवाल
  • केस में न्याय दिलाने की मांग
  • सोशल मीडिया पर व्यक्त की प्रतिक्रिया
Lucknow News : उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि 2016 की तुलना में दहेज और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है। इस बयान की प्रतिक्रिया में, कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने सीएम योगी के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सीएम अच्छा काम कर रहे हैं। हालांकि, भानवी सिंह ने इसी दौरान अपने व्यक्तिगत मामले में न्याय की मांग भी दोहराई है।

सीएम योगी से केस में न्याय दिलाने की मांग
भानवी कुमारी सिंह भदरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से सीएम योगी आदित्यनाथ से अपील की है। उन्होंने विधानसभा में दिए गए सीएम के बयान की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक महिला के रूप में उम्मीद करती हैं कि उनकी शिकायतों पर भी ध्यान दिया जाएगा। भानवी सिंह ने हजरतगंज कोतवाली में अपने खिलाफ दर्ज कथित फर्जी एफआईआर पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने उस पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिसने उन्हें गिरफ्तारी की धमकी दी थी। भानवी सिंह ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सीएम योगी से अनुरोध किया है कि वे इस प्रकार के व्यवहार को रोकें और उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दें। भानवी सिंह ने यह भी मांग की है कि यह जांच की जाए कि पुलिसकर्मी किसके दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सीएम योगी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आदेश देकर न्याय सुनिश्चित करेंगे।
 
हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज
भानवी सिंह के खिलाफ हाल ही में हजरतगंज थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई है। यह मुकदमा धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दा प्रॉपर्टीज कंपनी के पूर्व निदेशक आशुतोष सिंह ने भानवी सिंह पर जालसाजी का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट लिखकर सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई थी। भानवी सिंह के देवर यानी राजा भैया के भाई अक्षय प्रताप सिंह ने उनके आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर ही उन्हें घेरा था। उन्होंने कहा था कि 'आप सही होतीं तो भईया आपके साथ होते, बच्चे आपका साथ देते, पर इस जालसाज़ी और झूठ में वो भी आपके साथ नहीं हैं। आपने औरों के साथ भी जो धोखाधड़ी की है, समय के साथ वो भी सबके सामने आना ही है। प्रभु श्री राम आपको सुबुद्धि दें कि आप परिवार की और भईया की इज़्ज़त सोशल मीडिया पर उछालना बंद करें। ये सलाह मैं आपको पहले भी दे चुका हूँ। किसी भी कानूनी लड़ाई के लिए मैं तैयार हूं, न्याय प्रणाली पर मुझे भरोसा है।'

अमित शाह से भी की थी मांग
भानवी सिंह ने फरवरी 2023 में दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में एक गंभीर मामला दर्ज कराया था। उन्होंने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह और अन्य सात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों का आरोप लगाया था। भानवी का आरोप था कि अक्षय प्रताप ने उनके फर्जी हस्ताक्षर और डिजिटल साइन का उपयोग करके उनकी कंपनी श्री द प्रापर्टीज प्राइवेट लिमिटेड के शेयर हथिया लिए और स्वयं को कंपनी का निदेशक बना लिया। यह कंपनी अमेठी, लखनढ और दिल्ली-एनसीआर में कई संपत्तियों की मालिक है। हालांकि, एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद, भानवी के अनुसार, इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ईओडब्ल्यू अक्षय प्रताप सिंह को बचाने का प्रयास कर रही है। निराश होकर, भानवी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।

Also Read