Agra News : बीवी-बच्चे के बावजूद दूसरी दुल्हन ले आया पति, सब्र टूटा तो महिला ने उड़ेला पेट्रोल...

UPT | आगरा।

Jul 17, 2024 03:10

ताजनगरी में पति-पत्नी के विवाद के तमाम मामले देखने को मिल रहे हैं। आगरा पुलिस कमिश्नरी के पूर्वी जोन में आने वाले शमशाबाद क्षेत्र में एक पति, अपनी पत्नी और बच्चे के होते हुए नई दुल्हन ले आया। जब मायके...

Agra News : ताजनगरी में पति-पत्नी के विवाद के तमाम मामले देखने को मिल रहे हैं। आगरा पुलिस कमिश्नरी के पूर्वी जोन में आने वाले शमशाबाद क्षेत्र में एक पति, अपनी पत्नी और बच्चे के होते हुए नई दुल्हन ले आया। जब मायके गई पत्नी को अपने पति की हरकत की जानकारी हुई तो वह सोमवार की रात को ही ससुराल पहुंचकर घर के बाहर चौखट पर बैठ गई। रातभर चौखट पर बैठी विवाहिता के लिए ससुरालीजनों ने दरवाजा नहीं खोला। इससे आहत होकर विवाहिता ने अपने दो साल के मासूम बच्चे को लेकर शरीर पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। समय रहते ग्रामीणों को विवाहिता की आत्मदाह की जानकारी हो गई और उन्होंने उसे बचा लिया। पुलिस भी जानकारी पर पहुंच गई और पति-पत्नी दोनों को अपने साथ थाने ले आई। 

तीन साल से मायके में रह रही थी महिला
थाना डौकी के सीताराम की मढै़या की रहने वाली रोशनी का विवाह 21 जून 2021 को शमशाबाद के बांस महुआ के वेदप्रकाश के साथ हुआ था। आरोप है कि एक बेटा होते ही ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से भगा दिया। तीन साल से रोशनी बेटे के साथ मायके में रह रही है। जिसका विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।

बेटे के साथ पूरी रात घर के चौखट पर बैठी रही
रोशनी को सोमवार की देर रात जानकारी हुई कि उसका पति वेद प्रकाश दूसरी महिला से शादी कर उसे घर लेकर पहुंचा है। जानकारी मिलते ही रोशनी देर रात 12 बजे के करीब ससुराल पहुंच गई। ससुरालीजनों द्वारा दरवाजा नहीं खोलने पर वह अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे के साथ घर की चौखट पर बैठ गई। सुबह तक घर के चौखट पर बैठे रहने के बाद रोशनी के सब्र का बांध टूट गया। उसने पहले से अपने साथ लाए हुए पेट्रोल की बोतल से अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने माचिस छीनकर महिला को रोका। हंगामे के बाद पुलिस पति और पत्नी को थाने लेकर आई। ख़बर लिखे जाने तक मायका पक्ष अभी भी ससुराल के बाहर धरने पर बैठा हुआ है।

Also Read