Agra News : स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स संभालेगी दीवानी परिसर की सुरक्षा, जानें क्या होगा खास...

UPT | स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स संभालेगी दीवानी परिसर की सुरक्षा।

Jul 16, 2024 12:06

उत्तर प्रदेश के तमाम जनपदों के जिला एवं सत्र न्यायालय यानी कि दीवानी परिसर में कई बार हादसे एवं अधिवक्ताओं पर हमले हो चुके हैं। इन हमलों को देखते हुए राज्य सरकार ने दीवानी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता...

Agra News : उत्तर प्रदेश के तमाम जनपदों के जिला एवं सत्र न्यायालय यानी कि दीवानी परिसर में कई बार हादसे एवं अधिवक्ताओं पर हमले हो चुके हैं। इन हमलों को देखते हुए राज्य सरकार ने दीवानी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए थे। सरकार के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने दीवानगी सुरक्षा का जिम्मा संभाला। तभी से दीवानी सुरक्षा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस के हाथों में है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने दीवानी की सुरक्षा को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। आगरा में भी इसका असर देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश शासन ने स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स की स्थापना की है। यह वर्तमान में मेट्रो सहित तमाम विशेष स्थलों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाले रही है। अब विशेष सुरक्षा बल को सरकार ने निर्देश दिया है कि वह दीवानी की भी सुरक्षा संभालेगी। मंगलवार से मेट्रो के बाद अब आगरा में दीवानी की सुरक्षा व्यवस्था भी विशेष सुरक्षा बल के हाथों होगी। 

तैनात होंगे 100 से अधिक जवान
स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के कमांडेंट आज आगरा में होंगे। आज आगरा में दीवानी परिसर पहुंचकर न्यायिक अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और दीवानी परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी बारे में बातचीत करेंगे। मंगलवार को दीवानी परिसर की सुरक्षा विशेष सुरक्षा बल के 100 से अधिक जवान अपने हाथों में ले लेंगे। प्रथम चरण में एसएसएफ के 100 से अधिक जवानों को ही दीवानी की सुरक्षा में तैनात किया जा रहा है। अभी तक उत्तर प्रदेश पुलिस के 50 जवान दीवानी में तैनात रहते थे।  

आधुनिक हथियारों से लैस होंगे जवान
गौरतलब है कि स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर तैयार किया गया है। उत्तर प्रदेश के स्मारकों एवं दीवानी की सुरक्षा व्यवस्था स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स को दी जा रही है। पुलिस और पीएसी कर्मियों को इसमें रखा गया है। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स जॉइन करने वाले जवानों को विशेष ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थितियों में एसएसएफ के जवान तैयार रहें। यही कारण है कि एसएसएफ के जवानों को किसी भी विषम परिस्थितियों में निबटने के लिए आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है। 

पुख्ता होगी परिसर की सुरक्षा
इस संबंध में एसएसएफ के कमांडेंट राम सुरेश का कहना है कि दीवानी की सुरक्षा अभी तक पुलिस के पास थी। दीवानी के दो गेटों पर बैग स्कैनर और डीएफएमडी लगे हैं। दीवानी परिसर में कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। दीवानी परिसर में कहां-कहां सुरक्षा में कमी है, उसको देखकर सुरक्षा को और पुख्ता किया जाएगा। दीवानी के चार गेट हैं, जिनमें से दो गेटों से वाहनों को प्रवेश मिलता है। दो अन्य गेटों से पैदल आने वाले लोग प्रवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी गेटों पर सुरक्षा को पुख्ता किया जाएगा। सभी की सघन चेकिंग के बाद ही दीवानी परिसर में प्रवेश मिलेगा। कोई भी व्यक्ति बगैर सुरक्षा जांच के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ेगी तो इन स्कैनरों की संख्या को बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की जाएगी और सुझाव भी मांगे जाएंगे। 

वारदातों पर विराम लगेगा
बताते चलें कि दीवानी में सुरक्षाकर्मियों से कई बार अधिवक्ताओं की झड़पें भी हुई हैं। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के जवान इस तरह दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं के साथ बात करेंगे। लेकिन दीवानी में होने वाली घटनाओं पर निश्चित तौर पर स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के तैनात होने से विराम लगेगा। दीवानी आने वाले पीड़ितों एवं अधिवक्ताओं के साथ साथ न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा भी पुख्ता होगी। यहां बताना आवश्यक है कि आगरा की दीवानी परिसर में अधिवक्ताओं द्वारा ही अधिवक्ताओं की गोली मारकर हत्या की गई है। दर्वेश हत्याकांड को शायद कोई भूला नहीं होगा। ऐसे ही कई गोलीकांड दीवानी परिसर में हुए हैं। एसएसएफ के तैनात होने से निश्चित तौर पर इस पर विराम लगेगा।

Also Read