आलू खरीदने के दौरान 5 रुपये के लिए हुआ विवाद : सब्जी विक्रेता को मारी गोली, हालत गंभीर, एक आरोपी पकड़ा गया

UPT | आगरा।

Jul 17, 2024 00:35

आगरा में मंगलवार को दिन में सब्जी मंडी में आलू की कीमत को लेकर विवाद हुआ। रात में पांच हमलावरों ने सब्जी विक्रेता शिव कुमार को गोली मार दी। गोली कनपटी को छूकर निकल गई।

Agra News : आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया इलाके में विवाद के बाद सब्जी विक्रेता को गोली मार दी गई। युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। घटना की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक आगरा में मंगलवार को दिन में सब्जी मंडी में आलू की कीमत को लेकर विवाद हुआ। रात में पांच हमलावरों ने सब्जी विक्रेता शिव कुमार को गोली मार दी। गोली कनपटी को छूकर निकल गई। आवाज सुनकर दुकानदार जुट गए। उन्होंने एक हमलावर को दबोच लिया। जबकि चार भाग गए। पकड़े गए हमलावर की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को लोगों से छुड़ाया। पुलिस ने घायल विक्रेता और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है।

क्या है पूरा मामला
नगला किशनलाल, ट्रांस यमुना निवासी शिव कुमार सब्जी की ठेला लगाता है। रात 8:30 बजे वह विकास नगर सब्जी मंडी में ठेला लेकर खड़ा हुआ था। बताया गया है कि एक बाइक पर तीन और दो हमलावर पैदल आए। इनमें से एक ने तमंचा निकाला और शिव कुमार पर गोली चला दी। गोली शिव कुमार के कान और कनपटी को छूकर निकल गई और वह घायल हो गया। आवाज सुनकर पास ही खड़ा शिव कुमार का भाई राजकुमार आ गया। उसने गोली चलाने वाले हमलावर को पकड़ लिया। आसपास के लोग भी जुट गए। यह देखकर पकड़े गए हमलावर के साथी भाग गए।

लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की
लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर थाना ट्रांस यमुना की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने लोगों से आरोपी को छुड़ाया। इसके बाद दोनों घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। शहजाद पकड़ा गया है। वह इस्लाम नगर का रहने वाला है। 

आलू खरीदते समय 35 और 40 रुपये के दाम पर हुई थी बहस
वहीं हमलावर के साथ आसिफ, हसन और कलुआ बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक हमलावर युवक पक्ष दोपहर में आलू खरीदने आया था। तब विक्रेता से कीमत को लेकर विवाद हुआ था। आलू की कीमत 35 और 40 रुपये पर बहस हुई थी। इसी को लेकर रात में फायरिंग की गई। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

छह महीने में तीसरी घटना
टेढ़ी बगिया स्थित सब्जी मंडी में गोली चलने की यह पहली घटना नहीं है। छह महीने में तीसरी घटना सामने आई है। इससे पहले भी दो बार गोली चल चुकी है। मामूली विवाद पर फायरिंग की घटना सामने आ चुकी हैं। क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि आसपास के मोहल्ले के युवक मंडी में घूमते रहते हैं। इस दौरान विक्रेताओं से विवाद करते रहते हैं।

Also Read