कानपुर में धूमधाम से मनाया जा रहा ईद उल-अजहा : ईदगाहों पर अदा की गई अकीदत की नमाज, अमन-चैन की दुआ मांगी

UPT | ईदगाहों पर अदा की गई अकीदत की नमाज

Jun 18, 2024 02:19

कानपुर में बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। बाबूपुरवा स्थित ईदगाह सहित शहर के कई स्थानों पर सोमवार की सुबह मुस्लिम भाइयों ने ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज अदा की।

Kanpur News : कानपुर में बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। ईद उल अजहा पर कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कानपुर के बाबूपुरवा स्थित ईदगाह समेत शहर में कई जगहों पर नमाजियों द्वारा दो से तीन राउंड में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश में खुशहाली, अमन-चैन, भाईचारे की दुआ मांगी गई। नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे के गले मिले और मुबारकबाद दी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए कुर्बानी दी गई। बकरीद के मौके पर मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस प्रशासन के साथ पीएसओ के जवान भी तैनात किए गए थे। ड्रोन से निगरानी की गई। हालांकि इस बार भी सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी गई।

साल में दो बार मनाया जाता है पर्व 
आपको बता दें कि इस्लाम में ईद का त्योहार साल में दो बार मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, नौवें महीने यानी 'माह-ए-रमजान' के बाद 10वें महीने 'शव्वाल' की पहली तारीख को 'रमजान ईद' मनाई जाती है। इसे 'ईद-उल-फितर' और 'मीठी ईद' भी कहते हैं। वहीं, दूसरी ईद को 'ईद-उल-अजहा' या 'बकरीद' कहते हैं। यह 12वें महीने 'माह-ए-जिलहिज्जा' में मनाई जाती है। इस बार बकरीद आज यानी 17 जून को मनाई जा रही है। 

इसी महीने में हज यात्रा पर जाते हैं
जानकारी के मुताबिक, माह-ए-जिलहिज्जा इस्लामिक कैलेंडर का आखिरी महीना होता है। इसी महीने में लोग हज यात्रा के लिए जाते हैं और ईद-उल-अजहा के मौके पर कुर्बानी दी जाती है। हालांकि, सबसे पहले लोग एक-दूसरे को खास बधाई संदेश भेजकर इस त्योहार की शुरुआत करते हैं।

Also Read