Bareilly News : दरगाह पर चादरपोशी के बाद मुल्क के अमन की मांगी दुआएं

UPT | दरगाह पर आने वाले जायरीन का फोटो

Aug 30, 2024 18:36

उर्स-ए-रजवी के दूसरे दिन शुक्रवार को दरगाह आला हजरत और दरगाह ताजुशारिया पर दुनिया भर से आए अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर मुल्क (देश) के अमन और...

Bareilly News : उर्स-ए-रजवी के दूसरे दिन शुक्रवार को दरगाह आला हजरत और दरगाह ताजुशारिया पर दुनिया भर से आए अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर मुल्क (देश) के अमन और तरक्की को दुआएं की। इसके साथ ही काजी-ए-हिन्दुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां से हजारों की संख्या में जायरीन मुरीद हुए। जमात रजा-ए- मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान हसन खान (सलमान मियां) ने बताया कि इमाम अहमद रजा कांफ्रेंस में मुफ्ती शामिल हुए हैं इसके साथ ही देश के मौजूदा हालात पर चर्चा की गई।

मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल 1.40 बजे
शुक्रवार रात 1.40 बजे मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल शरीफ होगा। इसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होगें। उर्स-ए-रजवी में शामिल होने अमेरिका, यूके, तुर्की, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, दुबई, मॉरीशस, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका समेत दुनिया भर से आए जायरीन ने काजी-ए-हिन्दुस्तान मुफ्ती मुहम्मद असजद रजा़ खां का़दरी के हाथ पर बैत ली। उनके लिए दुआएं की। दरगाह ताजुश्शरिया पर लोगों ने रात भर गुल पोशी की।

आला हजरत का कुल शरीफ कल
दरगाह आला हजरत पर शनिवार को आला हजरत का कुल होगा। इसको लेकर बड़ी तैयारी की गई है। इसमें लाखों जायरीन की भीड़ आने की उम्मीद है। उर्स-ए-रजवी का गुरुवार शाम परचम कुशाई जुलूस के साथ आगाज हुआ था।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम 
पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। शासन प्रशासन के निर्देश पर उर्स में आने वाले जायरीन को असुविधा का सामना करना न पड़े। रोडवेज बस स्टैंड पर शिविर लगाकर आने वाले जायरीन के लिए राह दिखाने को टीम गठित की गई है। रेलवे स्टेशन पर उर्स-ए-रजवी को लेकर प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम की तरफ से स्वच्छता का ख्याल रखा जा रहा है। साफ सफाई से लेकर चूना डाला गया है। जायरीन की सुविधा के लिए इस्लामिया ग्राउंड और बिहारीपुर में ट्राली टॉयलेट की सुविधा देने के साथ ही पेयजल के लिए टैंक भी भिजवाया गया है। इसके साथ ही बिजली विभाग के जेई को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इस्लामियां ग्राउंड में लाइट की व्यवस्था के लिए अलग ट्रांसफार्मर लगाकर सप्लाई दी जाएगी।

Also Read